धर्मनगरी कटड़ा में हंगामा – दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं का गुस्सा

सबका जम्मू कश्मीर
कटड़ा (रोहित शर्मा) मां वैष्णो देवी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है।
sabka jammu kashmir SEPT 13 2025.qxd_2
लेकिन रविवार को धर्मनगरी कटड़ा में बाणगंगा की दर्शन ड्योड़ी पर अचानक हंगामा खड़ा हो गया।सैकड़ों श्रद्धालु यहां पांच घंटे तक डटे रहे और भवन की ओर जाने की जिद पर अड़े रहे।

उनका कहना था कि अगर 14 सितंबर से यात्रा शुरू होने की घोषणा सोशल मीडिया और अखबारों में की गई थी, तो अब हमें भवन जाने से क्यों रोका जा रहा है?”
श्रद्धालु देशभर के अलग-अलग राज्यों से कटड़ा पहुंचे थे। कई लोग कई दिनों से यहां रुककर यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार तारीख बदलने से कठिनाइयाँ बढ़ गई हैं।छुट्टियाँ लेकर, टिकट बुक कर यहां तक आए, लेकिन अब असमंजस से भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।

इस दौरान पुलिस और श्राइन बोर्ड के अधिकारी मौके पर पहुंचे।पुलिस ने धैर्य और संयम से श्रद्धालुओं को समझाया।भरोसा दिलाया कि मार्ग सुरक्षित होते ही यात्रा शुरू कर दी जाएगी।सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भवन की ओर बढ़ने से रोका गया।

नाराज़ श्रद्धालुओं ने श्राइन बोर्ड मुर्दाबाद के नारे लगाए।
कई लोगों ने कहा कि प्रशासन और बोर्ड ने यदि यात्रा की तारीख तय नहीं की थी तो मीडिया और सोशल मीडिया में भ्रमक सूचना नहीं देनी चाहिए थी।

साथ ही परिवार समेत कटड़ा में ठहरने से अतिरिक्त खर्च का भी सामना करना पड़ रहा है। आखिरकार अधिकारियों के समझाने के बाद माहौल शांत हुआ और श्रद्धालु लौट गए।
हालांकि, उनके चेहरों पर निराशा और मायूसी साफ झलक रही थी।कुल मिलाकर, रविवार को धर्मनगरी कटड़ा में पांच घंटे तक चली यह गहमागहमी प्रशासन और श्रद्धालुओं के बीच संवाद और धैर्य से सुलझाई गई।









