अमरनाथ यात्रा 2026: लखनपुर में तैयारियों का डीसी कठुआ ने लिया जायजा

सबका जम्मू कश्मीर
कठुआ, 28 अप्रैल: आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने सोमवार को लखनपुर पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा और अतिरिक्त उपायुक्त विश्वजीत सिंह भी मौजूद रहे।
डीसी ने लखनपुर फैसिलिटेशन सेंटर के लिए चिन्हित भवनों का निरीक्षण किया, जहां यात्रियों के पंजीकरण, सहायता और आवाजाही की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।
इसके अलावा डीसी ने गुरु तेग बहादुर कॉलेज और विवेकानंद कॉलेज का भी दौरा किया, जिन्हें यात्रियों के ठहरने के लिए चुना गया है। यहां उन्होंने रहने की सुविधा, बिस्तर, साफ-सफाई, शौचालय, पानी और बिजली की व्यवस्था देखी।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो और उन्हें सुरक्षित व आरामदायक यात्रा का अनुभव मिले।









