अनुज श्रीवास्तव/रंजीत सिन्हा
बिहार/खगौल। लोक आस्था का महापर्व छठ सोमवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही संपन्न हो गया। छठ पर्व के अंतिम दिन भारी संख्या में छठवर्तियों ने खगौल नहर घाट पहुंच कर उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। छठव्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला उपवास को पूजन पश्चात प्रसाद ग्रहण करके तोड़ा। पूजन समाप्ति के बाद प्रसाद खाने और खिलाने का दौर चल पड़ा।
शहर के नहर छठ घाट पर सुबह तीन बजे से ही छठवर्तियों की भीड़ उमड़ने लगी थी। नहर में खड़े होकर छठ व्रतियों ने भगवान भाष्कर के उदय होने का इंतजार किया। कोहरे के कारण सूर्य देव ने दर्शन देने में थोड़ा देर किया।
लोक आस्था तथा सूर्योपासना का चार दिवसीय त्योहार छठ पूजा भक्ति के रस से सराबोर रहा।लोग सूर्यदेव तथा छठी मैया की आराधना -पूजा में तल्लीन रहे। जगह जगह बज रहे छठ के गीतों से क्षेत्र का चप्पा चप्पा गुंजयमान रहा।सोमवार की सुबह श्रद्धालु उगते सूर्य की प्रतीक्षा में आसमान को निहारते रहे । सूर्य की लालिमा देखते ही छठ घाट छठ मईया व सूर्य भगवान के जयघोष से गूंज उठा।
वहीं नगर अध्यक्ष सुजीत कुमार के नेतृत्व में परिषद की ओर से नहर घाट में पर्याप्त पानी लाने सहित, चेंजिंग रूम,वाच टावर, नियंत्रण कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई थी।
रविवार के संध्या अर्घ्य के पूर्व तक नहर में पर्याप्त पानी आ जाने पर नगर अध्यक्ष सुजीत कुमार ने पानी लाने के अपने प्रयास के सफल रहने पर संतोष व्यक्त किया।
संध्या व सुबह के अर्घ्य के दौरान व्रतियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए नगर अध्यक्ष सुजीत कुमार,कार्यपालक पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित पूर्व उपाध्यक्ष सुनील कुमार, वार्ड पार्षद पिंटू कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता चंदू प्रिंस आदि नहर घाट पर लगातार भ्रमणशील बने रहे।
नगर परिषद द्वारा बनाए गए नियंत्रण कक्ष में कार्यपालक पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी फर्स्ट एड के साथ मुस्तैद दिखाई दिए।
वहीं थानाध्यक्ष फूलदेव चौधरी के नेतृत्व में पुलिस बल विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए अहले सुबह से ही सजग दिखाई दिए।
छठ पूजा के अवसर पर नहर के कई स्थानों पर छठ प्रतिमा स्थापित की गई। नगर के डक पर, गोविंद पुर,लाॅक पर आदि जगहों पर स्थापित प्रतिमा के दर्शन को लेकर लोगों की भीड़ देखी गई।
इधर छठ नहर घाट, चक्रदाहा घाट के अलावे घर के छत पर भी पानी इकट्ठा कर लोगों ने उगते सूरज को नमन करते हुए अर्घ्य दिया। छठ घाट पर नगर अध्यक्ष सुजीत कुमार,कार्यपालक पदाधिकारी कन्हैया कुमार, थाना अध्यक्ष फूलदेव चौधरी के निरंतर चौकसी के बाद चार दिनों तक चलने वाले लोक आस्था का महापर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
इस मौके पर वार्ड 20 के पार्षद रोहित कुमार उर्फ राहुल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अजनीश प्रभाकर द्वारा वार्ड 20 में पड़ने वाली सड़क की साफ-सफाई एवं विद्युत सजावट की समुचित व्यवस्था की गई थी। छठ पर्व के पूर्व समाज सेवी विष्णु गुप्ता एवं अन्य की ओर से व्रतियों के बीच सूप, नारियल अगरबत्ती,हुमाद आदि का वितरण किया गया।
इस मौके पर नहर घाट पर चाट,खिलौने व आईसक्रीम आदि की दुकानें भी लगाई गई थी।