कठुआ पुलिस की बड़ी कामयाबी: 100 गुमशुदा मोबाइल बरामद, साइबर ठगी के शिकार लोगों को लौटाए 33.84 लाख रुपये

सबका जम्मू कश्मीर
कठुआ, 22 मई: जिला पुलिस कठुआ ने आम लोगों को राहत देते हुए 100 गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों में 3 एप्पल आईफोन भी शामिल हैं। इनकी कुल कीमत करीब 17.01 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, इन मोबाइल फोन के गुम होने या चोरी होने की शिकायतें जिले के विभिन्न थानों में दर्ज थीं। जिला पुलिस कार्यालय (डीपीओ) कठुआ की आईटी शाखा ने तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के जरिए पिछले दो महीनों में इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया।

ये मोबाइल जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों से बरामद किए गए हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए।
पुलिस ने बताया कि पिछले दो वर्षों में जिला पुलिस कठुआ करीब 600 गुमशुदा या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी कुल कीमत 1.06 करोड़ रुपये से अधिक है।

साइबर ठगी के मामलों में भी बड़ी सफलता
साइबर पुलिस स्टेशन कठुआ ने ऑनलाइन ठगी के मामलों में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 के बीच साइबर पुलिस ने विभिन्न मामलों में ठगी गई 33.84 लाख रुपये की राशि पीड़ितों को वापस दिलाई है।

वहीं, साइबर पुलिस स्टेशन की स्थापना से अब तक कुल 1.77 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी गई रकम विभिन्न मामलों में रिकवर की जा चुकी है। यह सफलता समय पर कार्रवाई, संदिग्ध लेनदेन को फ्रीज करने और बैंकों व अन्य एजेंसियों के सहयोग से संभव हुई है।
जिले के लोगों ने मोबाइल बरामदगी और साइबर ठगी के मामलों में पुलिस की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए इसे आम जनता के लिए बड़ी राहत बताया है।









