गुरुद्वारा श्री चरण कमल साहिब (भख्ता) के विकास हेतु ₹5.15 करोड़ की परियोजना स्वीकृत — विधायक राजीव जसरोटिया ने एलजी मनोज सिन्हा व केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का जताया आभार
जम्मू-कश्मीर की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम, धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा प्रोत्साहन

सबका जम्मू कश्मीर
कठुआ, 30 अक्तूबर — जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के लिए आज ऐतिहासिक दिन साबित हुआ जब गुरुद्वारा श्री चरण कमल साहिब (भख्ता) के विकास हेतु ₹5.15 करोड़ की परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।
sabka jammu kashmir OCT 25 2025.qxd_1
विधायक राजीव जसरोटिया ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए माननीय उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, विपक्ष के नेता सुनील शर्मा और संस्कृति विभाग, जम्मू-कश्मीर सरकार का हृदय से धन्यवाद प्रकट किया।

जसरोटिया ने कहा कि यह परियोजना न केवल गुरुद्वारे के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करेगी बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

विधायक जसरोटिया ने आगे कहा कि —
“माननीय एलजी मनोज सिन्हा जी, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह जी तथा संस्कृति विभाग के सहयोग से यह सपना साकार हुआ है। यह हमारे समाज की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को सहेजने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।”

उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे गुरुद्वारा श्री चरण कमल साहिब धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकेगा।

जसरोटा क्षेत्र की जनता ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए विधायक के प्रयासों की सराहना की है और कहा कि यह विकास कार्य क्षेत्र में शांति, सौहार्द और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।









