कठुआ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 35 ग्राम हेरोइन, ₹75 हजार नकद बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

सबका जम्मू कश्मीर
कठुआ, 03 मई: नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से करीब 35.04 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), ₹75,940 नकद, 35 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और अन्य सामान बरामद किया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 08 निवासी अमनदीप सिंह अपने घर से युवाओं को नशा बेच रहा है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान घर से अलग-अलग पैकेटों में हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और बड़ी संख्या में खाली पॉली पाउच भी मिले, जिनका इस्तेमाल नशा पैक करने में किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि नशा कहां से आ रहा था और किन लोगों तक पहुंचाया जा रहा था।









