अनुज श्रीवास्तव/रंजीत सिन्हा
बिहार/पटना। रोटरी क्लब आफ चाणक्या के द्वारा गरीब, जरूरतमंद, असहाय लोगों को निशुल्क हेपेटाइटिस का टीका पूर्व अध्यक्ष डॉ मनोज कुमार द्वारा 2015 से दिया जा रहा है। डॉ मनोज ने बताया कि दिनांक 28 फरवरी 2024 तक कुल एक लाख टीके लगाए जा चुके हैं। डॉ मनोज ने कहा कि शुरुआत से हम हेपेटाइटिस बी के खिलाफ टीकाकरण के माध्यम से युद्ध करने में दृढ़ संकल्पित है और आज हमें खुशी है कि हमने एक लाख लोगों को हेपेटाइटिस बी का टीका लगवा दिया है। यह महान उपलब्धि हमारे सदस्यों, स्वेच्छाकृत कर्मियों और साथियों के अटल समर्पण, दयालुता और कड़ी मेहनत का प्रमाण है। स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में किए गए इस महत्वपूर्ण कार्य से न केवल लोगों की जान बचाने का प्रयास हुआ है बल्कि उनके अंदर एक विश्वास जागृत करने का भी प्रयास किया गया है। आज रोटरी चाणक्या द्वारा डॉक्टर मनोज कुमार को एक लाख टीके लगाए जाने के उपलक्ष्य में सम्मानित किया गया। मौके पर क्लब के अध्यक्ष संजय बैद ने कहा कि इस कार्यक्रम को रोटरी द्वारा अनवरत नियमित रूप से चलाया जाता रहेगा। मौके पर डॉ मनोज कुमार द्वारा हेपेटाइटिस बी
टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला गया और टीका लगाए जाने से जिन बीमारियों से बचा जा सकता है उसके बारे में भी विस्तृत जानकारी उपस्थित लोगों को दी गई। मौके पर
धन्यवाद ज्ञापन डी.जी.एन नम्रता द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा की इस टीकाकरण महाअभियान को संचालित करने एवं सफल बनाने में जिन सदस्यों एवं सहयोगियों का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष सहयोग कार्यक्रम में अब तक मिलता रहा है उन सभी को क्लब की तरफ से धन्यवाद दिया गया। एम पी जैन ने बताया कि कार्यक्रम में रोटरी सदस्य सुनील सर्राफ,सरिता बैद,राखी शर्मा,मोनी त्रिपाठी, अर्चना जैन उपस्थित थे।