पुंछ में 77वें गणतंत्र दिवस पर मंत्री जावेद अहमद राणा ने फहराया तिरंगा

सबका जम्मू कश्मीर।
पुंछ, जिला मुख्यालय पुंछ में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह में जल शक्ति, वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण तथा जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
समारोह में बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र, युवा और वरिष्ठ लोग शामिल हुए। तिरंगे के फहराते ही देशभक्ति नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। स्कूली छात्रों और विभिन्न टुकड़ियों द्वारा अनुशासित मार्च-पास्ट कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इसके बाद छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर विधायक हवेली अजाज़ अहमद जान, उपायुक्त पुंछ अशोक कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शफकत भट, डीडीसी सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, नागरिक समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।
सबका जम्मू कश्मीर हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री जावेद अहमद राणा ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह दिन स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संविधान के मूल्यों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि संविधान न्याय, समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे की भावना के साथ देश को आगे बढ़ने की राह दिखाता है।

मंत्री ने सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि पुंछ जिले में बुनियादी सुविधाओं, रोजगार, शिक्षा और जनकल्याण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से एकता, शांति और सद्भाव बनाए रखने तथा देश के विकास में योगदान देने की अपील की।

समारोह के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।









