नगरी मां वाला सुंदरी में हाई मास्ट लाइट का उद्घाटन, विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार
विधायक डॉ. भारत भूषण ने दी कई परियोजनाओं की जानकारी, गेस्ट हाउस और सड़कों के लिए करोड़ों की मंजूरी

सबका जम्मू कश्मीर।
नगरी, मंगलवार। विधायक डॉ. भारत भूषण ने मंगलवार को कस्बा नगरी स्थित मां वाला सुंदरी मंदिर परिसर में हाई मास्ट लाइट का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक ने बताया कि यह हाई मास्ट लाइट बिलावर-दुग्गन-लखनपुर सरथल रिटायरमेंट अथॉरिटी की ओर से उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत कस्बा नगरी में मां वाला सुंदरी मंदिर और ऐरवा मंदिर के लिए दो हाई मास्ट लाइटों की मांग की गई थी, जिसमें से एक का उद्घाटन आज किया गया।
डॉ. भारत भूषण ने बताया कि इस हाई मास्ट लाइट पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये का खर्च आया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में और भी विकास परियोजनाओं पर काम होता दिखाई देगा।

विधायक ने जानकारी दी कि उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात कर मां वाला सुंदरी मंदिर, ऐरवा मंदिर और लखनपुर स्थित किले वाली माता के लिए गेस्ट हाउस बनाने की मांग रखी थी, जिसे मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी है। इसके तहत मां वाला सुंदरी और ऐरवा मंदिर के लिए कुल एक करोड़ 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि किले वाली माता के लिए 50 लाख रुपये की मंजूरी मिली है। इनमें से मां वाला सुंदरी में होने वाले कार्यों के लिए 40 लाख रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

डॉ. भारत भूषण ने इन विकास कार्यों की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का आभार जताते हुए कहा कि कठुआ जिले की जनता उनके इस सहयोग के लिए धन्यवाद करती है।

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए विधायक ने बताया कि नगरी से चंगरा तक बनने वाली सड़क के लिए 18 करोड़ 50 लाख रुपये की परियोजना में से 4 करोड़ 50 लाख रुपये की मंजूरी मिल चुकी है। यह राशि नाबार्ड के तहत स्वीकृत हुई है और जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर के लिए कुल 1500 करोड़ रुपये आने थे, लेकिन वित्तीय वर्ष समाप्त होने के कारण 865 करोड़ रुपये ही मिल पाए। विधायक ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से लोग कई समस्याओं से जूझ रहे थे, लेकिन आने वाले समय में उन्हें इन परेशानियों से राहत मिलेगी।

इस दौरान कस्बा नगरी के व्यापार मंडल ने विधायक से मुलाकात कर एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में दशहरा ग्राउंड में बने खेल मैदान पर लगे स्टे को जल्द हटाने, रामलीला मैदान में छत बनवाने और नगरी को जोड़ने वाले पुराने पुल की खस्ता हालत को ठीक कराने की मांग की गई। व्यापारियों ने बताया कि पुल की खराब स्थिति के कारण उनके व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है।

विधायक डॉ. भारत भूषण ने व्यापार मंडल को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी और आने वाले दिनों में कस्बा नगरी में विकास की रफ्तार और तेज होगी।
इस मौके पर मां वाला सुंदरी मंदिर के पुजारी संजू पुरी, व्यापार मंडल प्रधान पिंकू आंदोत्रा, भाजपा नगरी मंडल प्रधान रवि आंदोत्रा, अनिल सिंह, अर्पण वर्मा, शोभा गुप्ता, प्रवेश कुमार, गुणदीप सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









