
सबका जम्मू कश्मीर।
कठुआ, 03 जनवरी: श्रम विभाग कठुआ ने आज एसआईडीसीओ कॉम्प्लेक्स, घाटी में नए श्रम संहिताओं को लेकर एक दिवसीय जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम श्रम कानूनों में हुए सुधारों के प्रति उद्योगों और ठेकेदारों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में उप श्रम आयुक्त, जम्मू सुखपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नए श्रम संहिता कानून औद्योगिक क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने, श्रमिकों के हितों की रक्षा करने और बेहतर औद्योगिक संबंध स्थापित करने में सहायक हैं।
सहायक श्रम आयुक्त, कठुआ पियूषा खजूरिया ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए उद्योगों से नए श्रम कानूनों की सही जानकारी रखने और उनका पालन करने की अपील की।
पंकज डोगरा दोबारा बने जिला कांग्रेस कमेटी कठुआ के प्रधान
इस अवसर पर श्रम अधिकारी (अभियोजन), जम्मू संजय भट्ट ने चारों नई श्रम संहिताओं की जानकारी देते हुए पुराने श्रम कानूनों से नए कानूनों में हुए बदलाव को सरल भाषा में समझाया।

कार्यक्रम के दौरान व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता, 2020 तथा औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 पर तकनीकी सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।
अंत में खुले सत्र के दौरान प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।









