कठुआ पुलिस को बड़ी कामयाबी, 550 ग्राम हेरोइन बरामद; पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

सबका जम्मू कश्मीर।
कठुआ, 11 जून। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना राजबाग क्षेत्र के बनयारी इलाके से करीब 550 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जैसी नशीली वस्तु बरामद की है। इस मामले में पंजाब के एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के निर्देशन में विश्वसनीय सूचना मिलने पर राजबाग पुलिस ने बनयारी क्षेत्र में विशेष नाका लगाकर जांच अभियान चलाया। इस दौरान पंजाब के गुरदासपुर जिले के कलीचपुर निवासी पप्पी पुत्र शाह दीन को रोका गया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 550 ग्राम हेरोइन जैसी नशीली वस्तु बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में थाना राजबाग में एफआईआर संख्या 135/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









