डीसी कठुआ ने सेल्फ एन्यूमरेशन और नशा मुक्त अभियान की समीक्षा की
जन-जागरूकता बढ़ाने और गतिविधियों का सही रिकॉर्ड रखने के दिए निर्देश

सबका जम्मू कश्मीर
कठुआ, 25 मई: उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने सोमवार को जनगणना 2027 के तहत चल रहे सेल्फ एन्यूमरेशन (स्व-गणना) अभियान और नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान (एनएमजेकेए) की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला अधिकारियों की बैठक ली।

बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेल्फ एन्यूमरेशन के बारे में लोगों को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए, ताकि नागरिक घर बैठे डिजिटल माध्यम से अपनी गणना स्वयं कर सकें। उन्होंने कहा कि जागरूकता शिविरों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक नेताओं, शिक्षण संस्थानों और अन्य प्रमुख लोगों को भी इस अभियान से जोड़कर जनता को प्रेरित करने पर जोर दिया। साथ ही प्रमुख स्थानों पर सहायता एवं जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को स्व-गणना प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी विभागों को नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गतिविधि का उचित दस्तावेजीकरण किया जाए और उसकी जानकारी निर्धारित पोर्टल पर अपलोड की जाए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रमों की फोटो, उपस्थिति रिकॉर्ड और रिपोर्ट तैयार कर समय पर जमा की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान से संबंधित दैनिक रिपोर्ट भी उपायुक्त कार्यालय को भेजी जाए, ताकि कार्यों की नियमित समीक्षा की जा सके।
बैठक में एडीसी कठुआ, एडीसी बसोहली, एडीसी बिलावर, आरटीओ, आईएएस प्रोबेशनर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









