आलेखएक्सक्लूसिव खबरें

ड्रग्स: युवाओं के भविष्य को निगलता बढ़ता खतरा

अंजलि अबरोल मेहता(आलेख)
आज का समाज तेजी से आधुनिकता की ओर बढ़ रहा है, लेकिन इसी के साथ एक ऐसी समस्या भी बढ़ती जा रही है जो युवाओं के भविष्य, परिवारों की खुशियों और समाज की शांति को धीरे-धीरे खत्म कर रही है — ड्रग्स का बढ़ता जाल। नशा अब केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छोटे कस्बों और गांवों तक अपनी पहुंच बना चुका है। सबसे चिंाजनक बात यह है कि इसकी गिरफ्त में बड़ी संख्या में युवा आ रहे हैं।

ड्रग्स कई प्रकार के होते हैं — गांजा, अफीम, स्मैक, हेरोइन, सिंथेटिक ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थ। शुरुआत अक्सर शौक, दोस्तों के दबाव, तनाव या “एक बार ट्राय करने” से होती है, लेकिन धीरे-धीरे यही आदत लत में बदल जाती है। एक बार जब व्यक्ति इसकी गिरफ्त में आ जाता है, तब उससे बाहर निकलना बेहद कठिन हो जाता है।

 

एडवरटाइजिंग
एडवरटाइजिंग

आज कई राज्यों में “चिट्टा” नाम का नशा तेजी से फैल रहा है। यह सफेद पाउडर जैसा खतरनाक पदार्थ युवाओं को बहुत कम समय में अपनी गिरफ्त में ले लेता है। शुरुआत में यह कुछ समय के लिए झूठी खुशी या राहत का एहसास देता है, लेकिन धीरे-धीरे शरीर को कमजोर, दिमाग को अस्थिर और इंसान को अंदर से खोखला कर देता है। कई परिवार अपने बच्चों को इस नशे से बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि कई घर इस वजह से टूट चुके हैं।
ड्रग्स का असर केवल स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता। यह व्यक्ति की सोच, व्यवहार और रिश्तों को भी प्रभावित करता है। नशे की लत के कारण चोरी, हिंसा, मानसिक तनाव और अपराध जैसी घटनाएं बढ़ने लगती हैं। पढ़ाई और करियर पर भी इसका बुरा असर पड़ता है। कई युवा अपने सपनों और परिवार की उम्मीदों को खो बैठते हैं।
इस समस्या का समाधान केवल कानून के सहारे संभव नहीं है। समाज, परिवार, स्कूल और युवाओं — सभी को मिलकर इस खतरे के खिलाफ जागरूक होना होगा। माता-पिता को अपने बच्चों के व्यवहार में बदलाव पर ध्यान देना चाहिए। स्कूलों और कॉलेजों में नशा विरोधी अभियान चलाने चाहिए और युवाओं को खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना चाहिए। साथ ही, जो लोग नशे की गिरफ्त में हैं, उन्हें तिरस्कार नहीं बल्कि सही इलाज और मानसिक सहयोग की जरूरत होती है।
ड्रग्स किसी एक व्यक्ति की नहीं, पूरे समाज की समस्या है। अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगी, तो आने वाली पीढ़ियों पर इसका गंभीर असर पड़ेगा। जरूरत है जागरूकता, जिम्मेदारी और एकजुट प्रयास की, ताकि युवा नशे के अंधेरे से निकलकर बेहतर भविष्य की ओर बढ़ सकें।

अंजलि अबरोल मेहता
अंजलि अबरोल मेहता

— अंजलि अबरोल मेहता

Related Articles

Back to top button