पंजाबपंजाब/पठानकोटपठानकोटराज्य
सरकारी स्कूल की तस्वीर बदली: शिक्षक मंगत राम के प्रयासों से पठानकोट के पखड़ी पंचायत स्कूल ने प्राइवेट स्कूलों को दी टक्कर

सबका जम्मू कश्मीर।
पठानकोट/बमियाल। देश की राजनीति में आम आदमी पार्टी उस विचारधारा के साथ उभरी थी जो खुद को आम कहकर आम जनता की आवाज़ बनने का दावा करती थी। दिल्ली में सत्ता संभालते ही शिक्षा मॉडल को बदलने वाली इस पार्टी ने पंजाब में भी एक नए अध्याय की शुरुआत की। इसी कड़ी में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शिक्षा सुधारों की दिशा में किए गए प्रयास अब जमीनी स्तर पर रंग लाते दिख रहे हैं।
इसी बदलाव की एक मिसाल है जिला तरनतारन से स्थानांतरित होकर पठानकोट के बमियाल ब्लॉक की पंचायत पखड़ी स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल में पहुंचे शिक्षक मंगत राम। उनके प्रयासों से यह छोटा सा प्राथमिक स्कूल अब अपनी अलग पहचान बना चुका है।
स्कूल में प्रवेश करते ही महसूस होता है कि यह कोई साधारण सरकारी स्कूल नहीं है। दीवारें शिक्षा से जुड़ी आकृतियों, अक्षर ज्ञान, मात्राओं, संज्ञा, व्याकरण, पहाड़े, समय की इकाइयों और रंग-बिरंगे शिक्षण सामग्री से सजी हैं जो बच्चों के लिए पढ़ाई को आसान बनाती हैं।
बाहरी मैदान में लगे छोटे-छोटे बोर्ड भी यही संदेश देते हैं कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं बल्कि वातावरण से भी प्राप्त होती है।
शिक्षक मंगत राम बताते हैं कि जब वे इस स्कूल में आए थे, तब यहां केवल कुछ ही विद्यार्थी पढ़ते थे। लेकिन स्कूल को संवारने और पढ़ाई को रुचिकर बनाने के बाद बच्चों की संख्या बढ़ी और उनका आत्मविश्वास भी।
“बच्चों को सीखने का माहौल देना जरूरी है। जब उनके आसपास सीखी जाने वाली चीजें मौजूद हों तो वे खेल-खेल में शिक्षा ग्रहण करते हैं,”— मंगत राम, शिक्षक
स्कूल में मिड डे मील के साथ बच्चों को फल और पौष्टिक आहार भी दिया जा रहा है। शिक्षक का कहना है कि शिक्षा और पोषण दोनों मिलकर ही बच्चे का संपूर्ण विकास करते हैं।
मंगत राम सरकार और शिक्षा विभाग के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हैं और उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में अधिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी ताकि स्कूल को और बेहतर बनाया जा सके। उनका लक्ष्य है कि पंचायत पखड़ी का यह स्कूल शिक्षा सुधार का मॉडल बने और अधिक से अधिक बच्चे यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें।









