
सबका जम्मू कश्मीर।
नगरी/कठुआ,24 फ़रवरी। नगरी में पिछले कुछ महीनों से जल शक्ति विभाग द्वारा पाइप बिछाने का काम चल रहा है। इस कार्य के दौरान कई सड़कों और गलियों को खोदा गया। हालांकि कुछ मुख्य गलियों की मरम्मत कर दी गई है, लेकिन अभी भी कई गलियां टूटी हालत में पड़ी हैं।
sabka jammu kashmir 21 FEBRUARY 2026.qxd_1
नगरी म्यूनिसिपल कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस किसान संगठन के अध्यक्ष तरसेम पाल सैनी ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ टूटी-फूटी गलियां इन दावों की पोल खोल रही हैं।
मीडिया से बातचीत में सैनी ने कहा कि करीब डेढ़ वर्ष पहले जब कठुआ के जिला आयुक्त राकेश मन्हास नगरी आए थे, तब उन्होंने आश्वासन दिया था कि जिन गलियों में पाइप डाले जाएंगे, उनकी मरम्मत साथ-साथ की जाएगी। लेकिन वर्तमान में कई वार्डों में गलियों की मरम्मत अधूरी पड़ी है।

उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग की जिम्मेदारी बनती है कि समय रहते सभी गलियों को ठीक किया जाए, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
सैनी ने नगरी में जगह-जगह टूटे जालों (नालियों के ढक्कनों) का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 11, 12 और 13 ही नहीं, बल्कि मुख्य बाजार में भी कई जगह जाल टूटे हुए हैं। इससे खासकर रात के समय लोगों को खतरा बना रहता है और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्थानीय म्यूनिसिपल कमेटी के कर्मचारियों से बात की गई है और सोमवार तक जाल ठीक करने का आश्वासन दिया गया है। सैनी ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द सभी टूटी गलियों और जालों की मरम्मत करवाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी हादसे से बचाव हो सके।









