धान की फसल को भारी नुकसान, आर.एस.पुरा के किसानों की दुर्दशा पर बोले अपनी पार्टी के नेता मोहम्मद आरिफ
ओलावृष्टि और बारिश से तबाह हुई फसल, सरकार पर लापरवाही के आरोप, राहत की मांग तेज

सबका जम्मू कश्मीर।
आर.एस.पुरा, जम्मू | बीते दिनों हुई लगातार ओलावृष्टि और भारी बारिश के कारण आर.एस.पुरा क्षेत्र के किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आरिफ ने प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायज़ा लिया और किसानों की आपबीती सुनी।
सबका जम्मू कश्मीर हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
दौरे के दौरान किसानों ने बताया कि हर वर्ष प्राकृतिक आपदाओं से उनकी फसलों को नुकसान होता है, लेकिन सरकार की ओर से किसी प्रकार की सहायता नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक उपेक्षा के चलते वे लगातार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

नेता मोहम्मद आरिफ ने इस स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा, “केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा कई बार क्षेत्र का दौरा किया गया, लेकिन किसानों को अब भी कोई ठोस मदद नहीं मिली है।” उन्होंने राज्य सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक किसी भी किसान को राहत राशि नहीं मिली है और सरकार केवल कागज़ी दावे कर रही है।

आरिफ ने किसानों को आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी के समक्ष उठाएंगे और पूरी कोशिश करेंगे कि किसानों की आवाज़ प्रशासन तक पहुँचे।

इस दौरान उनके साथ पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनमें पूर्व सरपंच स्वर्ण भगत, पूर्व पंच परवीन कुमार, सुरेश सिंह, आतिश शर्मा, मेला राम और सोनू सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे।









