जम्मूजम्मूजम्मू कश्मीरश्रीनगर

अमरनाथ यात्रियों की सेवा के लिए राजकुमार गोयल को डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने प्रदान किया प्रशस्ति पत्र

सबका जम्मू कश्मीर

जम्मू, श्री अमरनाथ यात्रा 2025 के दौरान यात्रियों के लिए समर्पित सेवा कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने प्रख्यात समाजसेवी एवं श्री अमरनाथ जी यात्रा वेलफेयर सोसाइटी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार गोयल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

डीआईजी शिव कुमार शर्मा द्वारा प्रदान किए गए प्रशस्ति पत्र में कहा गया कि यह सम्मान राजकुमार गोयल और उनकी टीम द्वारा की गई उत्कृष्ट सेवा भावना की गहरी सराहना के रूप में प्रदान किया गया है।  गोयल ने भगवती नगर स्थित अमरनाथ यात्रा बेस कैंप में श्रद्धालुओं के लिए लंगर सेवा का आयोजन किया, जिसमें हज़ारों यात्रियों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराया गया।

प्रशस्ति पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि “राजकुमार गोयल निस्वार्थ सेवा और सामुदायिक भावना का जीवंत उदाहरण हैं। उनकी सावधानीपूर्वक योजना, कड़ी मेहनत और व्यक्तिगत भागीदारी ने यात्रा को सुगम और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह सेवा करुणा और एकता का प्रतीक है, जिसने हजारों श्रद्धालुओं को सुकून और सम्मान का अनुभव दिया।”

सम्मान प्राप्त करने के उपरांत राजकुमार गोयल ने डीआईजी शिव कुमार शर्मा का आभार प्रकट करते हुए कहा कि, “यह प्रशस्ति पत्र मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं भविष्य में भी पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहूंगा।”

गोयल द्वारा संचालित यह सेवा यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को न केवल भोजन उपलब्ध कराती है, बल्कि उन्हें एक सुरक्षित और आत्मीय वातावरण भी प्रदान करती है। समाज के अन्य लोगों के लिए भी यह सेवा प्रेरणादायी बन रही है।

 

Related Articles

Back to top button