जम्मूजम्मू कश्मीरडोडा

कांग्रेस का ‘हमारी रियासत हमारा हक़’ अभियान जारी, च. लाल सिंह का भाजपा पर बड़ा हमला

डीडीसी सदस्य संतोष देवी कांग्रेस में शामिल, कई वरिष्ठ नेताओं ने की जनसभा को संबोधित

सबका जम्मू कश्मीर

कस्तीगढ़ (डोडा), 27 जुलाई: पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता च. लाल सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा जानबूझकर बहाल न करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा परोक्ष शासन के माध्यम से जम्मू-कश्मीर की सत्ता पर काबिज रहना चाहती है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों की खुली लूट मचाई जा रही है, जो यहां की जनता के अधिकारों का सीधा उल्लंघन है।

sabka jammu kashmir 26 july 2025.qxd_1

यह बातें उन्होंने कांग्रेस पार्टी द्वारा डोडा जिले के कस्तीगढ़ में आयोजित ‘हमारी रियासत हमारा हक़’ अभियान के तहत एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। इस मौके पर डीडीसी सदस्य संतोष देवी ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

सभा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही, जिनमें पूर्व विधायक दीना नाथ भगत (पीसीसी समन्वयक), जिला अध्यक्ष शेख मुजीब, पूर्व एमएलसी श्याम लाल भगत, शकील शाह, प्रदीप भगत, पीवाईसी महासचिव स्वर्णवीर सिंह, विजयंता पठानिया सहित कई ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकर्ता शामिल रहे।

ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT

च. लाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा ने 2014 और 2019 के चुनावों में जम्मू क्षेत्र से बहुमत प्राप्त कर यह वादा किया था कि विधानसभा चुनावों के बाद जम्मू-कश्मीर को पुनः राज्य का दर्जा दिया जाएगा, लेकिन चुनाव हुए दस महीने बीत जाने के बाद भी मोदी सरकार चुप्पी साधे बैठी है।

पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह जनता को संबोधित करते
पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह जनता को संबोधित करते

उन्होंने कहा कि डोगरा शासकों और योद्धाओं ने संघर्ष और बलिदान देकर जिस ऐतिहासिक राज्य की स्थापना की थी, उसे भाजपा ने बेरहमी से तोड़ा, बांटा और उसका दर्जा घटा दिया। आज गर्वित डोगरा नागरिकों को केंद्र शासित प्रदेश का निवासी बना दिया गया है, और अब हमारी भूमि, जंगल, खनिज, रेत व प्राकृतिक संसाधनों को लगातार लूटा जा रहा है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य की बहाली के लिए अपना संघर्ष और तेज करेगी। उन्होंने दिल्ली में आयोजित ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम और जंतर-मंतर पर हुए सफल प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया।

उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए कानून लाया जाए, अन्यथा कांग्रेस आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।

सभा को संबोधित करते हुए अन्य नेताओं ने भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि छह वर्ष बीत चुके हैं और जनता आज भी राज्य के दर्जे की बाट जोह रही है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट तक ने राज्य का दर्जा “जितनी जल्दी संभव हो” बहाल करने का निर्देश दिया है, लेकिन केंद्र सरकार अब तक टालमटोल की नीति पर काम कर रही है।

नेताओं ने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस पार्टी के संघर्ष का हिस्सा बनें और डोगरा अस्मिता व अधिकारों की बहाली के लिए एकजुट होकर आवाज़ उठाएं।

 

Related Articles

Back to top button