बाहू विधानसभा सीट से दावेदारी पेश कर सकते हैं कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष विजय शर्मा
सबका जम्मू कश्मीर।
जम्मू। कांग्रेस सेवा दल जम्मू कश्मीर के अध्यक्ष विजय शर्मा बब्बी जम्मू जिले की बाहू विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। पार्टी की तरफ से आदेश मिलने पर वह चुनाव प्रचार शुरू कर देंगे। विजय शर्मा का परिवार शुरू से कांग्रेस से जुड़ा हुआ है और उन्हें भी पार्टी में काम करते हुए लगभग तीन दशक का समय बीत चुका है। विजय शर्मा सबसे पहले बूथ एजेंट और बूथ अध्यक्ष के रूप में कांग्रेस से जुड़े। इसके बाद उनके काम को देखते हुए वार्ड का प्रधान नियुक्त किया गया। स्थानीय लोगों तक पार्टी की बात जोरदार तरीके से पहुंचाने की दक्षता के कारण बाद में उन्हें ब्लॉक का सचिव नियुक्त किया गया। विभिन्न पदों पर कांग्रेस से जुड़े रहने के बाद वे महासचिव के तौर पर कांग्रेस सेवा दल में शामिल हुए। इसके बाद उन्हें उपप्रधान का पद सौंपा गया और पार्टी के प्रति ईमानदारी को देखते हुए वर्ष 2021 में वह कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष बने। जमीन स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ अच्छे तालमेल और स्थानीय मुद्दों की अच्छी समझ विजय शर्मा के पॉजिटिव प्वाइंट है। कांग्रेस सेवा दल के पास अपना एक मजबूत कैडर है। हाल ही में उन्होंने कश्मीर में लाल चौक से लेकर पार्टी कार्यालय तक तिरंगा रैली निकाली थी। इसके अलावा जम्मू संभाग में जहां पर भी पार्टी का कार्यक्रम होता है कांग्रेस सेवा दल सबसे आगे रहती है। विजय शर्मा ने कांग्रेस सेवा दल का विस्तार जम्मू के अलावा चिनाब घाटी और कश्मीर में भी किया है। आज उनके पास सदस्यों की एक अच्छी खासी संख्या है अगर वह चुनाव लड़ते हैं तो कांग्रेस सेवा दल के सिपाही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनेंगे।