गैर-पंजीकृत पोर्टल के एडिटर के पास विधानसभा कार्ड! स्नैचिंग केस में फंसा ब्लैकमेलर रिपोर्टर उजागर

जम्मू: जम्मू-कश्मीर में डिजिटल मीडिया की अनियमितता को उजागर करते हुए एक बड़ा खुलासा सामने आया है। ‘द डेली ट्रुथ न्यूज़’ नामक गैर-पंजीकृत ऑनलाइन पोर्टल के एडिटर-इन-चीफ ओंकार सिंह के पास जम्मू-कश्मीर विधानसभा का अधिकृत एंट्री कार्ड पाया गया है — जबकि यह पोर्टल न तो सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR) से पंजीकृत है और न ही मान्यता प्राप्त।
इस खुलासे से मीडिया जगत में हड़कंप मच गया है। खास बात यह है कि इसी पोर्टल का एक कथित “रिपोर्टर” शुभम, जिसे साल 2023 में थाना चन्नी हिम्मत पुलिस ने स्नैचिंग (धारा 382 आईपीसी) के तहत गिरफ्तार किया था, वर्तमान में न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहा है। मामले की अगली सुनवाई 12 नवंबर 2025 को निर्धारित है।
मामला तब सामने आया जब यही “ब्लैकमेलर-कम-स्नैचर” शुभम, जो खुद को पत्रकार बताता था, ने एक व्यक्ति से ‘द डेली ट्रुथ न्यूज़’ पर डाला गया वीडियो हटाने के लिए ₹20,000 की उगाही की मांग की। यह स्पष्ट रूप से ब्लैकमेलिंग और रंगदारी का मामला है।
वरिष्ठ पत्रकारों और प्रेस क्लब से जुड़े अनुभवी सदस्यों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि अपराध में लिप्त लोग पत्रकारिता की आड़ लेकर पेशे की साख को कलंकित कर रहे हैं।









